झज्जर। जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का वर्चुअल शिलान्यास चार महीने पहले फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, लेकिन अभी तक इनका काम शुरू नहीं हुआ है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रेलवे ओवरब्रिज की ड्राइंग तैयार हो चुकी है। उसकी मंजूरी रेलवे से मिलना बाकी है। मंजूरी आने के बाद बजट मांगा जाएगा इसके मिलने के बाद ही काम शुरू होगा।
फरवरी माह में जिला स्तरीय कार्यक्रम धौड़ रोड रेलवे फाटक के पास आयोजित किया गया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल तरीके से इनका शिलान्यास किया था। जिले में रेलवे और पीडब्ल्यूडी की तरफ से जिले के धौड़ रोड रेलवे फाटक, सांखौल रोड और रोहद-दहकोरा रोड पर स्थित रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाना है। तीनों रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण पर 182.55 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जानी है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से इनकी ड्राइंग तैयार कर रेलवे को भेजी हुई है, लेकिन अब तक रेलवे की तरफ से मंजूरी नहीं दी गई है। मंजूरी आने के बाद उसके लिए बजट की मांग की जाएगी।
धौड़ मार्ग पर 800 मीटर बनेगा आरओबी, जाम से मिलेगी निजात
धौड़ रोड स्थित रेलवे फाटक पर आरओबी का निर्माण किया जाना है। इस आरओबी की लंबाई 800 मीटर रखी गई है। इसके निर्माण की अवधि भी 18 माह रखी गई है। इस पर 58 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। रेलवे फाटकों पर आरओबी बनने के बाद आम जनता को काफी राहत मिलेगी। फिलहाल रेलवे फाटकों पर ट्रेन जाने के समय जाम की समस्या बन जाती है। यहां वाहनों की लाइन लग जाती हैं। आरओबी बनने के बाद वाहन सीधा आरओबी से गुजर सकेंगे और जाम से राहत मिलेगी।
वर्जन
आरओबी के निर्माण के लिए ड्राइंग तैयार कर रेलवे को मंजूरी के लिए भेजी गई है। मंजूरी मिलने के बाद बजट की मांग की जाएगी। उसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
सुमित कोहाड़, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, झज्जर