बेरी। सरकार ने अंत्योदय परिवार के लिए बिल माफी योजना शुरू की है। योजना में बेरी डिवीजन के 32 अंत्योदय परिवारों ने लाभ उठाया है। इनकी परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) डाटा के अनुसार सत्यापित आय प्रति वर्ष एक लाख रुपये तक है। यह स्कीम गरीब परिवारों के बिल माफ करने के लिए लागू की गई है।
निगम अधिकारियों ने बताया कि खासतौर पर स्कीम का लाभ लेने के लिए तीन चीजों को जरूरी माना गया है। योजना का लाभ ले रहे बिजली उपभोक्ता की परिवार पहचान पत्र में आय एक लाख रुपये से कम होनी चाहिए। उपभोक्ता का चालू मीटर पर सालाना बिजली यूनिट 1800 या उसे कम होनी चाहिए। स्कीम का लाभ लेने वाले उपभोक्ता अंत्योदय परिवार होना जरूरी है। इसके बाद ही सरकार की तरफ से शुरू की गई स्कीम का लाभ उपभोक्ता को मिल सकता है। बिजली उपभोक्ता की पेंडिंग बिलिंग चाहे एक लाख रुपये हो या दो लाख रुपये हो, उसे सिर्फ 3600 रुपये भरने होंगे। पुराना कनेक्शन कटा है तो स्कीम का लाभ लेने के बाद उसे दोबारा चालू कर सकते हैं। अभी तक 32 उपभोक्ताओं को स्कीम का लाभ मिल चुका है। डिवीजन लेवल पर बहुत सारे उपभोक्ता लाभ लेने के लिए आ रहे हैं।
कहां किसको मिला लाभ
बेरी सब डिवीजन में 25 परिवारों ने लाभ लिया
जहाजगढ़ सब ऑफिस में 6 परिवारों ने लाभ लिया
डीघल सब ऑफिस में एक परिवार ने लाभ लिया
अंत्योदय परिवारों की सुविधा के लिए यह योजना शुरू की है। इस योजना में अभी तक बेरी डिवीजन में कुल 32 अंत्योदय परिवार के लोगों ने लाभ उठाया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि सरकार द्वारा चलाई योजना का लाभ लें। इसके लिए बिजली निगम के पास आए और अपने बिजली बिल का भुगतान करें।
- सुनील कुमार, एसडीओ बिजली निगम, बेरी