अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। जिला प्रशासन की ओर से रविवार को रेलवे रोड पर राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में कलाकारों ने देश भक्ति गीत सुनाए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने पुलवामा में शहीदों को श्रद्धांजलि देकर नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि जब भी देश की सीमाओं पर दुश्मन ने बुरी नजर रखी, हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मन को बुरी तरह परास्त किया है। अब एक बार फिर दुश्मन की कायराना हरकत से ऐसे हालात बन गए हैं कि हमारे वीर सैनिकों की बहादुरी का सामना दुश्मन को झेलना पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुश्मन को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि आतंकियों के साथ-साथ आतंक को शह देने वालों को भी सबक सिखाया जाएगा। एडीसी सुशील सारवान ने पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हमारे वीर सैनिकों की शहादत अमूल्य है। पूरा देश शहीद परिजनों के साथ हैं। कार्यक्रम में पहुंचे कलाकारों ने भी देश भक्ति के तराने सुनाए और रेलवे रोड पर पूरा माहौल देश भक्ति के रंग में रंग गया। इस दौरान एडीसी सुशील सारवान, एसडीएम जगनिवास, डीएसपी भारती डबास, तहसीलदार नरेंद्र दलाल, बीडीपीओ रामफल, प्रसिद्ध कलाकार एवं माजरा के पूर्व सरपंच वीरेंद्र कौशिक, दिनेश शेखावत, सरपंच अनिल शाहपुर, कृष्ण चंद व आरएसओ से सुधीर भारद्वाज सहित काफी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।