अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू कर बालिका शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय प्रदर्शन पर जिले को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। वीरवार को हरियाणा के झज्जर जिला सहित देश के कुल 25 जिलों को मंत्रालय की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ राष्ट्रीय कार्यक्रम के प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित प्रवासी भारतीय केंद्र में वीरवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश श्रीवास्तव व संयुक्त सचिव के मोसेस चलाई की मौजूदगी में उपायुक्त सोनल गोयल को यह सम्मान दिया गया। समारोह में उपायुक्त ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए हर योजना में सक्रिय भूमिका निभाने का विश्वास दिलाया। उल्लेखनीय है कि झज्जर जिला बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में जोड़ते हुए सार्थक पहल करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है। उपायुक्त द्वारा शुरू की गई सोच-पे-दस्तक मुहिम के तहत बालिका शिक्षा क्षेत्र में अनुकरणीय बदलाव लाने में झज्जर जिला ने पहचान कायम की है और हरियाणा प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। हरियाणा प्रदेश को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के समग्र क्रियान्वयन के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में जिला झज्जर को, पीसी-पीएनडीटी एक्ट लागू करने में जिला कुरुक्षेत्र को तथा महिला एवं बाल विकास में जिला करनाल को केंद्र सरकार ने सम्मानित किया।