चरखी दादरी। 11 नवंबर को होने वाली सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत को लेकर सांगवान खाप व कन्नी पदाधिकारियों ने गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। गांव चरखी स्थित एससीआर स्कूल में होने वाले इस महापंचायत में हरियाणा राज्य के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली व राजस्थान और पंजाब के साथ लगते गांवों की खाप पंचायतें भाग लेंगी। अब तक करीब 160 से ज्यादा को सांगवान खाप की तरफ से निमंत्रण भेजा गया है। महापंचायत की आयोजक सांगवान खाप के सचिव नर सिंह डीपीई ने बताया कि महापंचायत को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए सांगवान खाप के पदाधिकारी लगातार गांवों में जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। सांगवान खाप प्रधान सोमवीर सांगवान के अलावा कन्नी प्रधान वेदपाल सांगवान, सूरजभान झोझू, सूरजभान बिरही, प्रदीप चरखी, मास्टर प्रताप सिंह, ईश्वर आदि ने गांव कालूवाला, चरखी, मानकावास, पैंतावास,रासीवास, डोहकी, छपार, रामपुरा, अख्तयारपुरा आदि गांवों के दौरे कर लोगों को महापंचायत में शामिल होने की अपील की। खाप सचिव नर सिंह ने बताया कि 11 नवंबर को होने वाली इस महापंचायत में समाज में व्याप्त बुराइयों को मिटाने व समाज सुधार से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहनता से मंथन कर कई फैसले लिए जाने की उम्मीद है।