बहादुरगढ़। वार्ड-14 के शास्त्री नगर काॅलोनी में एक महीने से सीवर लाइन होने से सीवर का दूषित पानी ओवर-फ्लो होकर सड़कों पर भर रहा है। इससे कॉलोनी वासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से ब्लाक सीवर लाइन को खुलवाने की मांग की है।
कॉलोनी की महिलाओं सुषमा, पिंकी, कविता, अंगूरी ने बताया कि सीवर का गंदा पानी गलियों में जमा होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी से कॉलोनी में बुरा हाल हो गया है। लोगों को घरों से बाहर निकलते ही मुंह पर रुमाल रखकर जाना पड़ रहा है। कॉलोनी निवासी विजय पंडित, अशोक सैनी, दीपक कौशिक, सुनील रंजन, इंद्रेश कुमार, पंकज, फूलचंद, चांद, सुखबीरी देवी, भरपाई देवी, संतोष, आरती, कमला, संजय कुमार ने कहा कि इस समस्या के बारे में संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ नेताओं को भी अवगत करा दिया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। सीवर के दूषित पानी की वजह से जहां महामारी फैलने का खतरा है वहीं लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अब गर्मी के मौसम में सीवर की गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।