अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। पुलिस में विशेष पुलिस अधिकारी के तौर पर 200 पूर्व सैनिकों व केंद्रीय अर्ध सैनिक बल के पूर्व जवानों की भर्ती प्रक्रिया 18 फरवरी से आरंभ की जाएगी। एसपीओ भर्ती प्रक्रिया के संबंध में पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने बताया कि पूर्व सैनिकों व सेंट्रल आर्म्ड फोर्स के पूर्व जवानों की झज्जर जिला पुलिस की मदद के लिए विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में भर्ती की जाएगी। उपरोक्त 200 एसपीओ के अतिरिक्त जिले में एसपीओ के 30 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी साथ ही संपन्न की जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 व 19 फरवरी को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक पुलिस लाइन झज्जर में कोई भी पूर्व सैनिक व सेंट्रल आर्म्ड फोर्स का पूर्व जवान जो निर्धारित नियम व शर्तों को पूरा करता हो वह अपना आवेदन पत्र जमा करवा सकता है। आवेदन पत्र उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय झज्जर के कार्यालय झज्जर से, उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय बहादुरगढ़ से तथा उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेरी से प्राप्त किए जा सकते हैं। संपूर्ण जानकारी सहित आवेदन पत्रों को पुलिस लाइन झज्जर में जमा कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्राप्त किए गए आवेदन पत्रों की जांच पड़ताल के बाद आवेदक पूर्व सैनिकों के पुलिस लाइन झज्जर में भर्ती प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।