अनाज मंडी में हड़ताल, मार्केट सचिव को ज्ञापन सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
ई-ट्रैडिंग के विरोध में चरखी दादरी अनाज मंडी में बुधवार को हड़ताल रही। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम मार्केट कमेटी सचिव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंडी व्यापारियों ने कहा कि अगर सरकार ने 19 सितंबर तक उनकी मांगें नहीं मानी तो 23 सितंबर को करनाल में महारैली की जाएगी। अनाज मंडी व्यापारियों ने अनाज मंडी में अपना कारोबार बंद रखा। बाद में व्यापारी एकत्र होकर मार्केट कमेटी सचिव से मिले और उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड को पहले ही मांगों को लेकर अवगत कराया जा चुका है। व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि ई-ट्रैडिंग के जरिए खरीद पर व्यापारियों व किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान को समय पर पेमेंट को लेकर भी अनिश्चितता बनी रहती है। व्यापारियों का भी कामकाज ठीक प्रकार से नहीं हो पाता। इन व्यापारियों ने सरकार को चेतावनी देकर कहा कि अगर 19 सितंबर तक उनकी मांगों पर अमल नहीं हुआ तो व्यापारी 23 सितंबर को करनाल में महारैली करने को मजबूर होंगे।