अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। भदानी गांव में शहीद सार्जेंट विक्रांत के घर रविवार को सांसद दुष्यंत चौटाला श्रद्धांजलि देने पहुंचे। जहां पर उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए सांत्वना दी व शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने सांसद दुष्यंत ने शहीद के पिता कृष्ण कुमार को कहा कि वे अपने आपको अकेला न समझें, पूरा देश के नौजवान उनके बेटे हैं। शहीद विक्रांत ने देश के लिए शहादत देकर जो अपना कर्तव्य निभाया है, उसे युगों-युगों तक याद किया जाएगा। ऐसे वीर सपूतों की बदौलत ही आज देश की सीमा व लोकतंत्र सुरक्षित है। परिवार को सांत्वना देने के बाद उन्होंने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि देश में आतंकवाद को लेकर सख्त नीति बननी चाहिए। आतंकवाद के खिलाफ अब तक जो लचीला रवैया रहा है, उसी का परिणाम है कि हमें दशकों से यह समस्या झेलनी पड़ रही है। अब आतंक के खिलाफ कड़ा रूख अख्तियार करने की आवश्यकता है। इस मौके पर जेजेपी जिला प्रधान राकेश जाखड़, उपेंद्र कादियान, संजय कबलाना, बलवान सुहाग, मामन ठेकेदार, बलवान हसनपुर, प्रवीन लुक्सर, राजेंद्र अहरी, बबीता पूनिया, शीला फौगाट, मनोज पांचाल आदि मौजूद रहे।