अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सीजेएम सुनील यादव ने कहा कि नि:स्वार्थ भाव से की गई समाज सेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती। ऐसी सेवा व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में कल्याणकारी मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने यह विचार नौ दिवसीय नशा मुक्ति अभियान के समापन पर कस्बा झोझू कलां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में व्यक्त किए। इस दौरान 3500 लोगों ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं सीजेएम यादव ने बताया कि समापन पर माउंटआबू से ब्रह्माकुमारी उर्मिला ने कहा कि व्यसनों एवं नशे से मुक्त व्यक्ति, विद्यार्थी का जीवन कांतिमय होता है। ब्रह्माकुमारी आश्रम झोझू कलां व कादमा प्रभारी वसुधा ने प्रेरक कहानियों से ईश्वर का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नशामुक्ति अभियान के तहत 17 विद्यालयों और इतने ही गांवों में करीब 4500 विद्यार्थियों और ग्रामीणों को प्रेरित किया। खंड शिक्षा अधिकारी झोझू कलां दयानंद सनसनवाल, अध्यापक एवं भारत विकास परिषद सचिव राजीव अरोड़ा, ब्रह्माकुमार चंद्रभान, राजकीय विद्यालय प्राचार्य धर्मबीर सिंह, झोझू सरपंच दलबीर गांधी ने भी विचार रखे। इस अवसर पर प्राचार्य ईश्वर सिंह पिलानिया, मुख्याध्यापक बलवान सिंह, रेेडक्रास दादरी सचिव अश्वनी मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी कृष्ण शर्मा, ब्रह्माकुमारी ज्योति, पूजा , अध्यापक रविंद्र, मुख्याध्यापक रोहतास, हवा सिंह, कविता, सविता, जयभगवान, देशराज आदि मौजूद रहे।