अवैध शराब से भरी बोलेरो पकड़ी, एक गिरफ्तार
बाढड़ा।
बाढड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब से भरी बोलेरो कैंपर पकड़ कर आरोपी चालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को बाढड़ा पुलिस को सूचना मिली की अवैध शराब से भरी एक बोलेरो कैंपर गाड़ी आ रही है। पुलिस ने एएसआई अनिल कुमार की अगुवाई में टीम गठित कर भांडवा मोड़ पर नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने गांव की ओर से आ रहे बोलेरो कैंपर को रुकवाकर जब तलाशी ली तो उसमें अवैध देसी शराब और बीयर भरी हुई थी। पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि गाड़ी से 100 पेटी अवैध देसी शराब और 35 पेटी बीयर बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि कैंपर चालक भांडवा निवासी महेश को गाड़ी सहित गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि उक्त युवक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।