थाना में हथियार जमा कराएं धारक : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिलाधीश अजय सिंह तोमर ने सभी लाइसेंस शुदा हथियार धारकों को आदेश जारी किए हैं कि वे अपनी बंदूक, पिस्तौल, रिवाल्वर आदि नजदीकी थानों में जमा करवा दें। जिलाधीश ने प्रेस बयान में कहा कि चुनाव प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने वाली है। चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष माहौल में संपन्न करवाने के लिए सभी नागरिकों को अपना सहयोग देना चाहिए। इसी कड़ी में लाइसेंसी हथियार धारकों को आदेश दिए गए हैं कि वे अपने समीप के पुलिस स्टेशन में जाकर अपनी बंदूक, रिवाल्वर, पिस्तौल आदि जमा करवा दें। चुनाव के दौरान बाद में किसी व्यक्ति के पास हथियार पाया जाता है या कोई व्यक्ति बंदूक, रिवाल्वर जैसा घातक शस्त्र लेकर घूमता हुआ मिलता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।