एनसीसी कैडेट्स ने किया श्रमदान
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
जनता कॉलेज में सोमवार को स्वच्छता दिवस मनाया गया। इसमें एनसीसी कैडेट ने 11 हरियाणा बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अजीत सिंह यादव के निर्देशानुसार स्वच्छता की शपथ ली और कॉलेज के आसपास की सफाई अभियान चलाया। कैडेट को लेफ्टिनेंट विपिन सिंह पाल ने स्वच्छता की शपथ दिलाई और उनको स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हम जिस परिवेश में रहते हैं उसे स्वच्छ रखना हमारे लिए अति आवश्यक है। साफ-सुथरे परिवेश में रहने से हम बीमारियों से भी बचे रहते हैं। इस मौके पर लेफ्टिनेंट अशोक कुमार के नेतृत्व में 200 कैडेट्स ने श्रमदान भी किया। उन्होंने बताया कि कूड़ा-कचरा एकत्र होने से मच्छर पनपते हैं जो कि बीमारियों को न्यौता देते हैं। यदि हम साफ-सफाई रखें तो बीमारियों से बचाव के साथ-साथ लावारिस पशुओं की रक्षा भी कर सकते हैं। कूड़े में पड़ी प्लास्टिक की थैलियां खाकर लावारिस पशु मौत का शिकार होते हैं।