अमर उजाला ब्यूरो
बाढ़डा।
अनाज मंडी में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति 12 अगस्त को महापंचायत आयोजित करेगी। इसे समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक संबोधित करेंगे। यह फैसला अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की कादमा में सेढ़ माता प्रांगण में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष राजकुमार हड़ौदी ने की। उन्होंने कहा कि सरकार ने आरक्षण संघर्ष समिति के साथ जिन मांगों पर समझौता किया था सरकार उन मांगों को लागू करने में धीमी गति से कार्य कर रही है। इससे जाट समाज की मांगें लागू होने में काफी देरी हो रही है। सरकार ने जाट समाज की मांगों पर तत्परता से कार्यवाही नहीं की तो संघर्ष समिति पुन: आंदोलन करने पर मजबूर होगी। समाज की मांगों को लेकर 12 अगस्त को अनाज मंडी में आयोजित होने वाली महापंचायत में विचार विमर्श किया जाऐगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया कि महापंचायत में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लें। बैठक में प्रचार के लिए जोन प्रभारी नियुक्त किए गए। कादमा जोन के लिए सुरेश कादमा, विरेन्द्र पहलवान, वेद धनासरी, मा. धर्मपाल नांधा, बाढ़डा जोन के लिए प्रदीप बाढ़डा, विद्यानंद हंसावास, उमेद जेवली, बिलावल जोन के लिए राजकुमार हड़ौदी, राज बिलावल, धनपाल अटेला, राजेन्द्र डोहकी, दादरी जोन के लिए लीलाराम, देवेन्द्र बिगोवा, सत्यवीर भागवी, मा. मोतीलाल, चिडिया जोन के लिए राजबीर शास्त्री, कृष्ण छिल्लर, रामकुमार सौलंकी को प्रभारी नियुक्त किया गया।