पंचायत करेगी बच्चों को राजकीय स्कूल में भेजने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
मोरवाला के राजकीय उच्च विद्यालय में वीरवार को विभिन्न मदों पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य द्वार के निर्माण, अभिभावकों को बच्चों के प्रति जागरूक रहने, अधूरे निर्माणाधीन हॉल को पूरा करवाने, गांव में नामांकन अभियान चलाने, स्कूल में रंग-रोगन करवाने आदि मुद्दों पर चर्चा की गई। सरपंच जयकिशन ने कहा कि हमें इस बात का फक्र है कि हमारे राजकीय स्कूल का समस्त स्टाफ और प्रबंधन कमेटी बहुत कुशल है। हम स्कूल के प्रत्येक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और उपस्थित जनों से अपने व आस-पड़ोस के बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिल करवाने की अपील भी करेंगे। स्कूल मुखिया सतपाल दलाल ने भरोसा दिलाया कि स्टाफ में जो लगनशीलता बनी हुई है उसे बरकरार रखा जाएगा। बैठक में सेवानिवृत्त अध्यापक रजाचंद, सूबेदार रत्न सिंह, सतपाल, मुखत्यार, सूरजभान डूडी और बलवान ने भी संबोधित किया।