नंबरदारों को नौ माह से नहीं मिला मानदेय, रोष
चरखी दादरी। जिले के नंबरदारों को पिछले नौ महीने से मानदेय नहीं है, जिसको लेकर नंबरदारों में रोष है। नंबरदार एसोसिएशन के प्रधान यादराम शास्त्री ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि पिछले नौ महीने से मानदेय के इंतजार में नंबरदार विभाग कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। जिला उपायुक्त, एसडीएम, डीआरओ को भी अवगत करा चुके हैं लेकिन आज तक कोई हल नहीं निकला है। अधिकारी बजट न होने की बात कहकर हर बार अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। यादराम शास्त्री ने कहा कि एक और तो बीजेपी सरकार विधायकों, मंत्रियों सहित पंच, सरपंचों, पार्षदों, चेयरमैन सभी का वेतन व भत्ते बढ़ा रही है, दूसरी ओर नंबरदारों को इसके लिए भटकना पड़ रहा है। नंबरदारों का मानदेय बढ़ाना तो दूर नौ माह से बकाया मानदेय ही सरकार नहीं दे रही है। उन्होंने सरकार से जल्द ही नंबरदारों के बकाया मानदेय का बजट जारी करने की मांग की है।