अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। हलके के गांवों में अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के लिए नहरों व माइनर का नवीनीकरण किया गया है। माइनर को नए स्वरूप के साथ तैयार करते हुए पानी की आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सिंचाई विभाग के माध्यम से करवाई जा रही है। विधायक नरेश कौशिक सोमवार को हलके के गांव लडरावन में गांव के बुजुर्ग दीपचंद व अन्य ग्रामीणों के साथ जौंती माइनर के सीसी लाइनिंग के साथ नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ कर रह थे। विधायक नरेश कौशिक ने करीब 2 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई जौंती माइनर को ग्रामीणों की सुविधा के लिए शुरू करते हुए क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। उन्होंने महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर ग्रामीण विकास की दिशा में शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट को हलके के गांवों को समर्पित किया। विधायक के प्रयास से माइनर को मिले नए सवरूप पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक कौशिक का आभार जताया। विधायक ने बताया कि मौजूदा सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में सिंचाई प्रधाली को दुरुस्त किया गया है, जिसके फलस्वरूप क्षेत्र के खेतों में हरियाली छाई है। बहादुरगढ़ हलके की सभी नहरों व माइनर के सुधारीकरण के साथ ही ब्रिज निर्माण जैसे जरूरी प्रोजेक्ट पर करीब 20.74 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। इस मौके पर बहादुरगढ़ निगरानी समिति अध्यक्ष महेश कुमार, मंडल अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, दिनेश शेखावत, कृष्ण चंद्र, बलवान सिंह, सरपंच राजू, टोनी सरपंच कसार, सत्य नारायण, हरकेश छिक्कारा, हवा सिंह, रोहतास, मनोज, उमेश सहगल, सुरेंद्र भारद्वाज, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता एमपी तंवर सहित अन्य संबंधित कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।