अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के आह्वान पर अपनी मांगों के समर्थन में पंजाब ऐंड हरियाणा बार काउंसिल से पंजीकृत पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के 1 लाख वकील 12 फरवरी को वर्क सस्पेंड रखेंगे। बार काउंसिल ऑफ पंजाब ऐंड हरियाणा के चेयरमैन डॉ. विजेंद्र सिंह अहलावत ने बताया कि इस दिन प्रत्येक राज्य के मुख्यालय में स्थित हाईकोर्ट से वकील विरोध-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन देंगे। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को एनसीआर, पंजाब एंड हरियाणा की बार एसोसिएशन्स, दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन्स, सुप्रीम कोर्ट ऑन रिकॉर्ड एसोसिएशन सहित हजारों वकील दिल्ली में पटियाला हाउस से जंतर-मंतर तक विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देंगे। चेयरमैन ने बताया कि 11 फरवरी को देश की सभी बार एसोसिएशन मीटिंग करके प्रधानमंत्री के नाम प्रस्ताव पारित कर जुलूस की शक्ल में जाकर उपायुक्त को ज्ञापन देंगी। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी 2019 को दिल्ली में हुई बार काउंसिल ऑफ इंडिया की मीटिंग में उक्त निर्णय लिए गए। अहलावत ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने 2 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखकर, उनके द्वारा 1 मार्च 2014 को गांधीनगर, गुजरात में बार काउंसिल ऑफ इंडिया से किए गए वादों को पूरा करने की मांग की। लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा कोई कार्यवाही न होने पर मीटिंग में रोष जताया गया तथा विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।