अमर उजाला ब्यूरो
बेरी। गर्मी के मौसम में हर साल पानी को तरसने वाली वजीरपुर गांव की महिलाएं एक बार फिर सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों से आमने सामने हुई। वजीरपुर गांव की महिलाओं का गुस्सा सोमवार को फिर फूट पड़ा। जलघर का घेराव कर महिलाओं ने जमकर नारे लगाए। महिलाओं ने विभाग के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी है। बता दें कि वजीरपुर गांव की ये महिलाएं पहले भी कई बार जलघर का घेराव कर चुकी हैं। तब विभाग के एसडीओ ने पानी की नियमित सप्लाई का आश्वासन दिया था। लेकिन सालभर बीतने के बाद भी वजीरपुर की किसी भी अधिकारी ने सुध नहीं ली। सोमवार को महिलाओं को जनस्वास्थ्य विभाग के जेई महताब सिंह के समझाने के बाद ही महिलाएं शांत हुई। महिलाओं ने विभाग को चेतावनी दी है कि अगर जल्द पानी की समस्या का हल नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन करेंगी। महिलाओं का आरोप था कि गरीब लोगों की बस्ती की तरफ शासन प्रशासन ध्यान नहीं देता है जबकि दूसरों मोहल्लों में पानी कई कई घंटे चलता है। तपती गर्मी के बीच न केवल घरेलू कार्यों हेतु बल्कि मनुष्य व पशुओं को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा है। गांव वजीरपुर में पानी की समस्या को लेकर पिछले वर्ष जाम भी लगाया था। ग्रामीणों का यह कहना है कि अगर ऐसी स्थिति रही तो मजबूरन सड़क मार्ग जाम करना पड़ेगा।
वर्जन
विभाग के एसडीओ प्यारे लाल ने कहा कि विभाग द्वारा जल्द ही वजीरपुर के लिए ट्यूबवेल लगाया जाना है, जिसके बाद पानी की सप्लाई नियमित हो जाएगी।