बहादुरगढ़। सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत छारा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई। वह दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में कार्यरत था। पुलिस ने घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों के हवाले कर दिया गया। बताया गया है कि गिरावड़ गांव का रहने वाला संदीप (27) डीडीए में क्लर्क के पद पर तैनात था। सोमवार को वह किसी कार्य से छारा गांव में गया था। रात को काम निपटाकर वापस घर लौट रहा था। छारा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया। वहां पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मांडौठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि संदीप विवाहित था। उसका दो साल का बेटा है।
वाहन की टक्कर से डीडीए क्लर्क की मौत