झज्जर। पुलिस लाइन झज्जर में स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की नवनिर्मित भवनों में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को दी जाने वाली शिक्षा में भी गुणात्मक सुधार लाया जाएगा। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की स्थानीय मैनेजमेंट कमेटी की मीटिंग पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज रोहतक संदीप खिरवार की अध्यक्षता में पुलिस लाइन झज्जर में आयोजित की गई। विशेष रूप से आयोजित मीटिंग में जिला उपायुक्त संजय जून, एसएसपी अशोक कुमार, डीएसपी क्राइम अगेंस्ट वुमन झज्जर भारती डबास, डीएवी के वाइस चेयरमैन शशि चांदला दिल्ली, कमेटी के सचिव एवं प्रिंसिपल डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल झज्जर संतोष तिवारी, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अन्य सदस्य तथा अभिभावक के तौर पर गांव भदानी के सरपंच सोमवीर सिंह व अन्य शामिल हुए। मीटिंग में भविष्य की योजनाओं के मद्देनजर स्कूल से संबंधित अनेक विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। मीटिंग में स्कूल में विद्यार्थियों को अच्छी एवं गुणात्मक शिक्षा देने के लिए कंप्यूटर लैब स्थापित करने तथा इंटरनेट कनेक्शन के साथ स्मार्ट क्लासेज एक जुलाई 2019 से आरंभ करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की सुविधा के लिए स्कूल के प्रांगण में एक लाइब्रेरी स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए खेलकूद की सुविधाओं के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया। बच्चों के लिए स्कूल परिसर के ग्राउंड में बॉस्केट बाल व लॉन टेनिस कोर्ट बनाने के साथ-साथ झूले लगाने का भी निर्णय लिया गया। मीटिंग से पूर्व आईजी संदीप खिरवार, एसएसपी अशोक कुमार व अन्य अधिकारियों द्वारा स्कूल के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। नवनिर्मित स्कूल भवन का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आईजी रोहतक रेंज संदीप खिरवार द्वारा स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए।