बहादुरगढ़। शहर की बेटी भुजाली दिल्ली न्यायिक सेवा की परीक्षा पास कर जज बन गई है। 24 वर्षीय भुजाली ने 24वां रैंक हासिल किया। भुजाली की सफलता से परिजन खुश हैं। हर कोई भुजाली और उसके परिजनों को बधाई दे रहा है। बराही रोड के निकट स्थित राधा कॉलोनी निवासी भुजाली की बचपन से ही जज बनने की ख्वाहिश थी। बाल भारती स्कूल से स्कूली शिक्षा के दौरान भी भुजाली ने सीबीएसई बोर्ड से 12वीं कक्षा की परीक्षा में विज्ञान संकाय से झज्जर जिले में टॉप किया था। उसी समय भुजाली ने जज बनने की अपनी आकांक्षाएं व्यक्त की थी। 2017 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद बिना किसी कोचिंग के न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी। अपने पहले ही प्रयास में 24वां रैंक हासिल कर सफलता अर्जित कर ली। भुजाली अब दिल्ली में न्यायाधीश के रूप में देश की सेवा करना चाहती है। अपनी सफलता के लिए भुजाली ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। अपने संदेश में भुजाली ने कहा कि युवा मन लगाकर पढ़ाई करें। जिस भी मंजिल पर पहुंचने की इच्छा हो उसके लिए जी तोड़ प्रयास करें, सफलता मिल ही जाएगी। अभिभावक सुमन देवी और सतपाल सिंह ने कहा कि उनकी बेटी ने आज उनका सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। होनहार भुजाली की सफलता पर नेहरू पार्क विकास समिति ने खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।