साल्हावास। जवाहर लाल नेहरू कैनाल में इस बार 20 दिन बाद शनिवार को 1500 क्यूसिक पानी छोड़ दिया गया है। अब लगातार सौ दिन तक नहरों में पानी चलेगा। इस दौरान जलघरों में बने सभी टैंक को भरा जाएगा।
बारिश होने से चार दिन पहले ही जेएनएल में पानी छोड़ दिया गया है। नहरी पानी की मांग भी अब कम हो गई है। बारिश आने की वजह से ग्रामीण क्षेत्र में अब मांग से अधिक पानी की आपूर्ति हो सकेगी। जून माह में ग्रामीण जलापूर्ति नियमित रूप से नहीं दी जा रही थी लेकिन जुलाई में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही थी।
आम तौर पर नहर में खूबडू हेड से 24 दिन बाद आठ दिन पानी छोड़ा जाता है। जब यमुना में पानी की उलब्धता अधिक होती है तो मानसून के सीजन में नहरों में पानी निरंतर चलाया जाता है। इस समय बारिश होने के कारण पानी की नहरी पानी की खपत कम हो जाती है। सिंचाई विभाग के एसडीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि शनिवार को जेएनएल में 1500 क्यूसिक पानी छोड़ा गया है। अब 1300 क्यूसिक की डिमांड है कल तक नहर में 1300 क्यूसिक पानी चलने लगेगा। लगभग 100 दिन तक लगातार नहर में पानी चलने की उम्मीद है।