झज्जर। मातन गांव हाल बहादुरगढ़ निवासी पवन कुमार दलाल ने पुलिस में शिकायत दी है कि 25 नवंबर 2023 को उसके मोबाइल फोन पर टेलीग्राम के माध्यम से पार्ट टाइम जॉब के लिए एक लिंक आया हुआ था। उस पर क्लिक कर उसका वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया गया। उसे अलग-अलग ग्रुप में ज्वाइन कराया गया। इसमें एक सुनील मेहता नाम का व्यक्ति भी था, जिससे उसकी टेलीग्राम पर बात हुई तो सुनील ने बताया कि यह वेबसाइट फ्रॉड नहीं है। उसे भी प्रॉफिट हुआ है। उसने दिया गया लक्ष्य पूरा किया तो उसे एक हजार रुपये दिए गए। उसके बाद दस हजार रुपये जमा करवाने व टास्क पूरा होने पर प्रोफिट के साथ वापिस करीब 16 हजार रुपये दिए गए। ऐसा करते हुए उसे 15 लाख रुपये जमा करवा दिए। लक्ष्य पूरा होने पर उसके खाते में 23 लाख रुपये दिखाए। जब उसने राशि भेजने को कहा तो उन्होंने 11 लाख रुपये जमा कराने की बात कही। तब उसे शक हुआ कि उसके धोखा हुआ है। उसके साथ करीब 15 लाख 19 हजार 753 रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।