झज्जर। पुराने बस अड्डा रोड पर शुक्रवार को स्कूटी की डिक्की से हुई पांच लाख रुपये की चोरी का सुराग 24 घंटे बाद भी नहीं लगा है। पुलिस ने इस मामले में पुराना बस अड्डा, बैंक रोड और भगत सिंह चौक तक 15 से अधिक सीसीटीवी खंगाले है, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस ने जितने सीसीटीवी चेक किए, उसमें से कई बंद मिले। जो चालू भी मिले, उनका मुंह भी दुकान के शटर की तरफ था। कोई भी कैमरा सड़क की तरफ चलता नहीं मिला। इसके चलते पुलिस को आरोपियों का पता लगाने में दिक्कत आ रही है। शुक्रवार को खातीवास गांव निवासी दयानंद ने पंजाब नेशनल बैंक से 5 लाख रुपये निकलवाए थे। उसने राशि को स्कूटी की डिक्की में रख दिया था। रास्ते में बीड़ी खरीदते समय किसी ने उनकी डिक्की से रकम उड़ा दी थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी खंगाले गए हैं। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।