झज्जर। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना से जरूरतमंदों को सरकार द्वारा प्लाॅट दिए जाएंगे। एक लाख 80 हजार से कम आय वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए सरकार की तरफ से आनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। सेक्टर- 6 व 9 में प्लाट की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
सेक्टर 6 व 9 में कुल 1417 प्लाट हैं, जिनके लिए आवेदन मांगे गए थे। इन प्लाट के लिए 6 हजार से अधिक लोगों ने आनलाइन आवेदन किए हैं, जिनका नाम लक्की ड्रा से निकाला जाएगा। ड्रा की तारीख तय नहीं की हुई है। सरकार द्वारा इन प्लाटों की बुकिंग के लिए लोगों से फीस जमा कराई जा रही है। इसके लिए पोर्टल भी ओपन किया हुआ है। इसकी अंतिम तारीख 15 फरवरी रखी गई है। प्लाट बुकिंग के लिए दस हजार रुपये की राशि आनलाइन भरनी होगी। यह पोर्टल एक फरवरी को खोला गया था जबकि 15 फरवरी को फीस भरने की अंतिम तारीख रखी गई है।
फ्लैट की भी मांग आई
डिपार्टमेंट ऑफ हाउसिंग फॉर ऑल द्वारा सितंबर-अक्तूबर में आनलाइन लोगों से आवेदन मांगे गए थे। इसके तहत लोगों ने फ्लैट और प्लाट के लिए आनलाइन आवेदन किए। झज्जर में प्लाट के अलावा फ्लैट के लिए भी आनलाइन आवेदन आए हैं। लगभग 2800 से अधिक लोगों ने फ्लैट के लिए भी आनलाइन आवेदन किए हैं।
14 जगहों पर चल रही योजना
सरकार द्वारा इस योजना को 14 जगहों पर लागू किया है। इसमें चरखीदादरी, गोहाना, सिरसा, झज्जर, फतेहाबाद, जगाधरी, सफीदों, पिंजौर, रोहतक, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, करनाल, पलवल, जुलाना शामिल है।
पहले पीएम आवास योजना के तहत मिले थे
इससे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत शहर के लोगों को योजना का लाभ मिला था। इसके तहत मकान बनाने के लिए तीन किस्तों में 2.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इसके अलावा मकान मरम्मत के लिए भी राशि मिलती है। झज्जर शहर में फिलहाल 350 लोगों ने इसका लाभ नहीं उठाया है। बचे हुए 350 लोगों को अपने कागजात 15 फरवरी तक जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्जन
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पोर्टल खोल दिया गया है। आवेदन करने वालों को अब दस हजार रुपये की राशि फीस के रूप में जमा करानी होगी। इसकी अंतिम तारीख 15 फरवरी रखी गई है।
अरुण सागु, इंचार्ज, मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना, झज्जर