अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। झज्जर रोड पर मंगलवार की शाम दो युवकों ने कार वर्कशॉप संचालक से गाड़ी छीन ली। पीछा कर खिड़की पर लटका तो उसे चलती कार से धकेल दिया। इसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। घायल संचालक नागरिक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात शाम साढ़े 4 बजे की है। दरअसल, महावीर पार्क के निवासी दिनेश की झज्जर रोड पर एक निजी अस्पताल के सामने कर वर्कशॉप है। मंगलवार की शाम वह वर्कशाप के बाहर अपनी कार के पास खड़ा था। इसी दौरान उसके 2 परिचित युवक उसके नजदीक आए। बातचीत करते-करते उसके साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी। गाड़ी लेकर भागने लगे तो दिनेश गाड़ी की खिड़की पर लटक गया। युवकों ने धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गया और घायल हो गया। इसके बाद दिनेश ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। गाड़ी से धक्का दिए जाने का दिनेश के सिर, हाथ व पांव में चोट आई है। नागरिक अस्पताल में भर्ती दिनेश ने बताया कि उक्त दोनों युवक में से एक युवक उसका परिचित है। वह दिल्ली का रहने वाला है। कई बार उसके पास गाड़ी ठीक कराने भी आया है। शाम को वह अपने एक साथी के साथ आया और गाड़ी मांगने लगा नहीं दी तो छीन ले गया।