दूरदराज के क्षेत्रों में तबादलों से परेशान है जेबीटी: जगवीर रांगी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
विभिन्न राजकीय विद्यालयों में तैनात जेबीटी अध्यापकों की बैठक का आयोजन रोज गार्डन परिसर में किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान राजवीर रांगी ने की। इस दौरान मुख्य चर्चा का विषय सरकार द्वारा उनकी समस्या को हल न किया जाना रहा। वक्ताओं ने बताया कि प्रदेश में विभिन्न स्टेशनों पर कार्यरत जेबीटी अध्यापकों का तबादला ऑन लाइन प्रक्रिया के दौरान ऐनी वेहर ऑप्शन के तहत उनके मनपंसद स्टेशनों की बजाय दूरदराज में करने से शिक्षक परेशान हैं। वे पिछले करीब एक साल से वे इस विषय में प्रदेश के शिक्षा मंत्री से लेकर अन्य विधायकों व मंत्रियों से मिल चुके हैं। जिला महासचिव जगमेंद्र छिल्लर ने कहा कि विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार अपनी मानसिक व आर्थिक परेशानियों के बारे में बता चुके है। इसके साथ ही वह ऑन लाइन प्रक्रिया के तहत सेकेंड ड्राइव को खोलने की मांग को भी पिछले साल भर से उठा रहे हैं। इस मौके पर प्रधान जिले सिह पिलानियां, सचिव जगबीर सिंह, संजय मकड़ाना, राजेश फौगाट, गुणपाल, जसवंत फौगाट, आशीष मंदौला, अनिल मंदौली, ऋषि सांगवान, संजय बिरही, अनिल सांगवान, रामनिवास, महेंद्र, दारा सिंह आदि शिक्षक उपस्थित थे।