अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। आम चुनाव को लेकर जिले में ईवीएम मशीनों की रैंडमाइजेशन 30 मार्च को होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून के मार्गदर्शन में होने वाली इस प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। उप तहसीलदार (निर्वाचन) रामकुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर रविवार को हरियाणा के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रहलाद सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से आगामी प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि ईवीएम मशीनों की रैंडमाइजेशन के लिए 25 व 30 मार्च निर्धारित की गई। झज्जर जिले में यह कार्य 30 मार्च को किया जाएगा। उप तहसीलदार ने बताया कि जिले में निर्वाचन से संबंधित तैयारियां जारी है। वीसी के दौरान ईटीएस, ईएमएस साफ्टवेयर के तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई। लघु सचिवालय स्थित वीसी कक्ष में इस दौरान जिला सूचना प्रोद्योगिकी अधिकारी अमित बंसल, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, सहायक वीरेंद्र कुमार, कानूनगो रामनिवास, मनोरमा, पवन कुमार व पूनम देवी, प्रोग्रामर देवेंद्र व वजीर सिंह उपस्थित रहे।