अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव पातुवास महराणा स्थित हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में शनिवार को वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। आयोजन का शुभारंभ निदेशक देविंद्र धनखड़ और प्राचार्य चेतन कुमार ने मां सरस्वती के चित्र समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रतिस्पर्धा से भरे इस युग में बच्चों को अधिक से अधिक मेहनत करने व भरपूर परिश्रम और अनुशासन का मार्ग अपनाकर शिक्षा ग्रहण करने को प्रेरित किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, कविता, नृत्य, संगीत, नाटक, गीत, भाषण सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। विशेष तौर पर पुलवामा हमला एवं मोबाइल फोन के गलत उपयोग पर पेश किए नाटकों को सभी ले सराहा। चौथी से सातवीं तक की छात्राओं ने काला काला गुजरी गीत पर मनमोहक नृत्य पेश किया। अंत में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों सहित अपनी अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दिनेश, डीपीई रवि कुमार, आशीष, श्याम सुंदर शास्त्री, अनूप, रजनी, उषा, रेखा, प्रीति, सुशीला बूरा, धर्मकौर, सुमन लता, सुनीता, आशा सहित समस्त स्टाफ, विद्यार्थी व उनके अभिभावक उपस्थित थे।