चरखी दादरी। इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक कर्नल रघबीर सिंह छिल्लर ने प्राकृतिक आपदा से खराब हुई कपास की फसल की स्पेशल गिरदावरी करवाकर 25 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा देने की मांग की है। सोमवार को अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान छिल्लर ने कादमा, बड़राई, झोझू, आदमपुर डाढ़ी, दूधवा, दातौली, चिडिय़ा व नौसवा के ग्रामीणों से बारिश से खराब फसल का जायजा लिया। पूर्व विधायक ने बताया कि किसान देश के उत्थान में रीढ़ का काम करते हैं। जब प्राकृतिक आपदा से किसान पर आंच आती है तब सरकार का दायित्व बनता है कि किसानों की मदद करें। प्राकृत्तिक आपदा की वजह से बाढड़ा क्षेत्र के किसानों की कपास की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि विशेष गिरदावरी करवा कर मुआवजा दिया जाए। इस मौके पर आनंद बडराई, टीनू व विकास बडराई, रामबीर नौसवा, पाल सरपंच व अजीत मौड़ी समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।