अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को मेन बाजार स्थित एक क्लीनिक पर छापेमारी कर रिकार्ड खंगाला और रिपोर्ट बनाकर सीएमओ झज्जर को भेज दी।
दरअसल, मेन बजार में सुभाष चौक के नजदीक स्थित एक कांप्लेक्स में दो क्लीनिक है। ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे एक क्लीनिक संचालक की किसी ने सीएम विंडो पर शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि उक्त क्लीनिक जिस डाक्टर की डिग्री पर चल रहा है, वह यहां नहीं बैठता। उसके बजाय एक अन्य व्यक्ति क्लीनिक को चल रहा है। शिकायत पर कार्रवाई करने के लिए बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम उक्त क्लीनिक पर पहुंची। टीम में शामिल अधिकारियों ने क्लीनिक में डाक्टर की सीट पर बैठे व्यक्ति से पूछताछ की। इसके कुछ देर बाद वह डॉक्टर भी आ गया, जिसके नाम से यह क्लीनिक चल रहा था। अधिकारियों ने उक्त डाक्टर से क्लीनिक के पंजीकरण व अन्य दस्तावेज मांगे। इस टीम में ड्रग कंट्रोल आफिसर रजनीश व मेडिकल ऑफिसर भरतपाल आदि शामिल थे। डॉ. रजनीश ने बताया कि छापेमारी की रिपोर्ट को ऊपरी अधिकारियों को भेजा जाएगा। सेक्टर-6 निवासी डॉ. बीएस छिल्लर का कहना है कि वह जीएमएस हैं और प्रेक्टिस कराने में सक्षम हैं। रणधीर उसका सहायक है। उन्होंने अधिकारियों को तमाम दस्तावेज दे दिए हैं।