वॉलीबाल खेलों में कादमा ने धनासरी को हराया
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
रविवार को गांव मकड़ाना स्थित शहीद रामनिवास खेल अकादमी में आयोजित प्रथम जिला स्तरीय यूथ वॉलीबाल प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में कादमा ने धनासरी को हराया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले की दो दर्जन टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला वॉलीबाल संघ के प्रधान देवेंद्र फौगाट और मास्टर हीरालाल चिड़िया ने किया। सूबेदार सुखबीर फौगाट की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता में समाजसेवी राजेश मकड़ाना और सूबेदार मेजर जागेराम विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। अकादमी संचालक कुलदीप व सचिव सत्यवान जाखड़ ने अतिथियों को स्मृति चिह्न से सम्मान किया। सत्यवान जाखड़ ने बताया कि रविवार को आयोजित मुकाबलों में बधवाना ने मौड़ी की टीम को हराया। एक अन्य मैच में कादमा ने कादमा गांव की एक अन्य टीम को हराया। उन्होंने बताया कि सोमवार को गांव असावरी व गुडाना, देवीलाल अकादमी मकड़ाना व बीएमडी, वॅालीबाल अकादमी चांदवास व चांदवास, नीमड़ बडेसरा व कादमा की टीमों के बीच मुकाबले होंगे। डीएसपी अशोक, कोच अजमेर, राजेंद्र, परजीत, सत्यवान शर्मा, सूबेदार सुखबीर फौगाट, संजय सहारण, मुकेश, विराट ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस मौके पर पंच युद्धबीर सिंह फौगाट, देवेंद्र फौगाट, हीरालाल, डीएसपी रणबीर सिंह, समुंद्र कोच, रण सिंह नंबरदार, सत्यवान कोच, रामबीर देवराला, सुरेंद्र, राज सिंह दूधवा, केवल सिंह, सरपंच सत्यपाल समेत खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सोमवार को समापन पर इनेलो जिला अध्यक्ष नरेश द्वारका, हरियाणा वॉलीबाल एसोसिएशन के महासचिव सूबे सिंह और इनेलो नेता सज्जन बलाली विजेता टीम को सम्मानित करेंगे।