चरखी दादरी। भांडवा निवासी एक महिला ने तीन लोगों पर उससे और बेटे से मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। घायल महिला को उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बाढड़ा थाना पुलिस ने घायल महिला के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है पुलिस को दिए बयान में भांडवा निवासी सुनील कुमारी ने बताया कि वह घर पर शाम के समय भैंस का दूध निकाल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां आया और गालीगलौज करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो उसने फोन कर दो अन्य लोगों को वहां बुला लिया। इसके बाद उक्त लोगों ने उससे मारपीट की। जब उसका बेटा उसे छुड़ाने आया तो उक्त लोगों ने उसकी भी पिटाई कर दी। शोरशराब सुनकर आस पड़ोस के लोग बाहर आए और उन्हें हमलावरों से छुड़वाया। पुलिस बयान में महिला ने बताया कि मारपीट के दौरान उसकी सोने की पतरी भी टूटकर कहीं गिर गई। बाढड़ा थाना पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन घायल महिला के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।