गणतंत्र दिवस: 230 जवान सुरक्षा में रहेंगे तैनात, ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा फोकस
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गणतंत्र दिवस पर पुलिस विभाग की ओर से जिले में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। बलिदान स्टेडियम में मनाए जा रहे जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर 230 जवानों की ड्यूटियां लगाई हैं। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सभी थाना/चौकी प्रभारी को आदेश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने थानाक्षेत्र में आने वाले मॉल, होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबों व पीजी हॉस्टलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की गहन तलाशी लें। किसी भी संदिग्ध के बारे में सूचना मिलते ही तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाए। बाजारों, बस स्टैंड, मॉल, रेलवे स्टेशन व धार्मिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाई गई है। एसपी ने आमजन से भी आह्वान किया है कि अगर उन्हें कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आए या कोई सूचना मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 100, 01250-222410, 408 पर दें। इसके अलावा अपने वाहनों को बलिदान स्टेडियम के बाहर न खड़ा करें व पुलिस का तलाशी करने में सहयोग करें। महिलाओं की तलाशी के लिए अलग से कैबिन बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान भी कुछ गड़बड़ नजर आए तो तुरंत ही पुलिस जवानों से संपर्क करके उन्हें सूचित करें।