एचटेट परीक्षा फीस में वृद्धि कर छात्र विरोधी हुई सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
एचटेट परीक्षा की फीस वृद्धि कर सरकार ने छात्र विरोधी होने का ताजा नमूना पेश किया है। प्रदेश की भाजपा सरकार नौकरियों के नाम पर बेरोजगार युवाओं से करोड़ों वसूलने के मंसूबे लिए बैठी है। हजारों बेरोजगार युवाओं को नौकरियां देने की बजाय सरकार फीस बढ़ोतरी कर उनसे छलावा कर रही है। अब तक छात्र विरोधी फैसलों से भाजपा सरकार का असली चेहरा सामने आ गया है। यह बात इनेलो जिला प्रधान नरेश द्वारका और ऋषिपाल उमरवास ने प्रेस को जारी संयुक्त बयान में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगार युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। इनेलो पार्टी सरकार से मांग करती है कि छात्र विरोधी फैसले को अति शीघ्र वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाती है तो फिर इनेलो छात्रों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए तैयार है।