बहादुरगढ़। प्रदेश ही नहीं देश में भी फुटवियर के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले शहर में बहादुरगढ़ फुटवियर एसोसिएशन की ओर से बनाए गए फुटवियर क्लस्टर एवं कामन फैसिलिटी सेंटर का उद्घाटन शनिवार को सुबह 11 बजे किया जाएगा। फुटवियर एसोसिएशन प्रबंधन समिति के सदस्य नरेंद्र छिकारा ने बताया कि सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। उन्होंने बताया कि सेंटर का बनाने में 25 करोड़ रुपये का खर्च आया है। उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री विपुल गोयल, विधायक नरेश कौशिक भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। कामन फैसिलिटी सेंटर में 15 हजार लोगों को फुटवियर से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा और युवा इस सेंटर से प्रशिक्षण लेकर रोजगार पा सकेंगे। उन्होंने बताया कि सीएम के आगमन से पहले सेंटर का बाकीकाम भी पूरा कर लिया गया है। सीएम के आने से पहले ही स्वागत की सारी व्यवस्था कर ली गई है। उन्होंने बताया कि युवाओं को फुटवियर रोजगार में एक्सपर्ट बनाने के लिए फुटवियर से रिसर्च भी किया जाएगा। इस सेंटर का फायदा यहां के उद्यमियों के साथ-साथ युवाओं को भी होगा। इस सेंटर में क्वालिटी से जुड़ी लैब भी बनाई गई है, जिससे बहादुरगढ़ में तैयार जूते व अन्य उत्पादों की गुणवत्ता की जांच हो सकेगी और उद्यमियों को दूसरे स्थानों से जांच कराने के लिए भी नहीं भटकना पड़ेगा।