झज्जर। नगर परिषद ने वीरवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बिना नक्शा के बनाई जा रही 11 दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई का नेतृत्व नगर परिषद के बिल्डिंग इंस्पेक्टर विवेक जैन ने किया। सभी दुकानदारों को एक सप्ताह का नोटिस दिया गया है। यदि वह एक सप्ताह में नक्शा जमा कराते हैं तो ठीक, अन्यथा निर्माण को तोड़ दिया जाएगा।
नगर परिषद को सूचना मिली थी कि शहर में बिना नक्शा पास कराए ही कामर्शियल बिल्डिंग बनाई जा रही है। इस पर पहले नगर परिषद ने नोटिस जारी किया, लेकिन उन्होंने काम बंद नहीं किया। इस पर वीरवार को नगर परिषद की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर बनाई जा रही 11 दुकानों को सील कर दिया। इसमें पांच दुकानें रेवाड़ी रोड स्थित पंचगन चौक, एक रेवाड़ी रोड, एक रहणिया कालोनी, एक छिकारा चौक और तीन बादली रोड पर दुकानों का निर्माण किया जा रहा था।
रहणिया कालोनी में पार्क के पास की जमीन पर यह दुकान बनाई जा रही थी। इनके पास कोई नक्शा व अन्य कागज नहीं थे। इसके चलते नगर परिषद की तरफ से इनको सील करने का काम किया गया। इस अवसर पर एमई मनदीप सिंह मौजूद रहे।
नप की चेतावनी, बिना नक्शा नहीं करें निर्माण
नगर परिषद अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी है कि वह बिना नक्शा पास कराए कोई भी बिल्डिंग का निर्माण नहीं कराएं। किसी भी निर्माण के लिए नक्शा पास कराना जरूरी होता है। यह काम नगर परिषद करता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होता है। यह नक्शा किसी भी नक्शा नवीस या आर्किटेक के पास बनवाया जा सकता है।
शहर में अलग-अलग स्थानों पर बिना नक्शा पास कराए 11 दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। इनको सील कर दिया गया है। निर्माणकर्ताओं को एक सप्ताह में नक्शा जमा कराने को कहा गया है। यदि वह ऐसा नहीं करते तो निर्माण को गिरा दिया जाएगा।-विवेक जैन, बिल्डिंग इंस्पेक्टर, नगर परिषद, झज्जर