अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। एनएच-152डी के लिए अधिग्रहीत जमीन का थ्री-जी अवार्ड रद्द करवाने की मांग के लिए धरने पर बैठे किसानों का मंगलवार को भी धरना जारी रहा। धरने पर बैठे किसानों की बुधवार को डीसी और एनएच के अधिकारियों के साथ बातचीत होगी। किसान सेवा संघ जिला संयोजक विनोद मौड़ी ने बताया कि किसानों का 26 फरवरी से धरना जारी है। किसान अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं। उनकी सात सूत्री मांगों पर सरकार को अमल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस एनएच में जिले के 17 गांवों के किसानों की जमीन आएगी। ऐसे में सरकार को इन किसानों को प्रति एकड़ दो करोड़ मुआवजा देना चाहिए। मौजूदा थ्री जी अवार्ड को कैंसिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई गांवों में तो यह एनएच बनने के बाद किसानों के पास खेती करने के लिए जमीन ही नहीं बचेगी ऐसे में उन किसानों के समक्ष आजीविका का संकट गहराया जाना स्वाभाविक है। विनोद मौड़ी ने बताया कि सात सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को डीसी और एनएच के अधिकारियों के साथ किसानों की बातचीत होनी है। उम्मीद है कि बैठक में किसानों की सभी मांगें मान ली जाएंगी। धरने पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।