अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। रोहतक-दिल्ली रोड पर बुधवार की दोपहर कार से टकराकर एक ऑटो पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार तीन युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक युवक को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा नेहरू पार्क की चौड़ी गली के सामने हुआ। दरअसल, दोपहर करीब सवा 12 बजे यहां एक आई-10 कार यू टर्न कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-6 की तरफ जा रहा ऑटो पीछे से कार से टकरा गया। इस दौरान ऑटो पलट गया और उसमें सवार तीन युवक नीरज, सहदेव व गोविंद घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया, वहीं ऑटो चालक भी भाग गया। लोगों ने तीनों घायलों को संभाला और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों में से एक युवक के सिर में गंभीर चोट थी। डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही सिटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।