अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। पाटोदा गांव के पास स्विफ्ट कार की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए गरुग्राम के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के चचेरे भाई हेमंत के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। रेवाड़ी जिले के उष्मापुर गांव निवासी हेमंत ने बताया कि वह गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता है। वह अपने गांव उष्मापुर से कंपनी के लिए बाइक पर सवार होकर निकला था। पाटोदा गांव के पास पहुंचा तो उसने देखा कि एक स्विफ्ट कार ने बाइक चालक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण गिरे बाइक सवार के नजदीक पहुुंचा तो उसने पाया कि घायल उसका चचेेरा भाई मिंटू है। जिसे उसने तुरंत अन्य लोगों की सहायता से गुरुग्राम के निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक मिंटू भिवाड़ी राजस्थान की एक कंपनी में नौकरी करता था। इस बारे में जांच अधिकारी माछरौली थाना के एएसआई सुधीर ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई हेमंत के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।