श्रमिकों के लिए सीएम करेंगे करोड़ों की योजनाएं शुरू: नायक सिंह सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सोनीपत में 17 सितंबर को प्रदेश स्तर पर भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल श्रमिक वर्ग के लिए करोड़ों की कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। राज्य के श्रम एवं खनन मंत्री नायब सिंह सैनी ने स्थानीय विश्राम गृह में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में कभी किसी महापुरुष की जयंती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया। हरियाणा प्रदेश में यह पहली सरकार है, जिसने समाज में समरसता की भावना को केंद्र में रखकर महाराणा प्रताप, कबीरदास, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि, गुरू गोबिंद सिंह, बाबा बंदा बहादुर जैसे महान पुरुषों की याद में समारोह आयोजित करने की पहल की है। श्रम मंत्री ने कहा कि छोटे से छोटा कारीगर और एक बड़ा इंजीनियर भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा करता है। खान मंत्री नायक सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री इस रैली में दस करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि श्रमिकों के लिए जारी करेंगे और यह अगले दिन सोमवार को लाभपात्रों के खातों में आ जाएगी। नायब सिंह सैनी ने कहा कि विगत कांग्रेस सरकार के समय दस सालों में 19 हजार श्रमिकों को केवल 28 करोड़ की राशि वितरित की गई थी, जब कि वर्तमान सरकार अपने एक हजार दिनों में इतनी ही राशि श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति के लिए दे चुकी है। श्रमिक परिवारों के मुरझाए चेहरों को मुस्कान लौटाने का काम खट्टर सरकार ने किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में साठ हजार श्रमिक महिलाओं को नि:शुल्क सिलाई मशीन दी जाएगी। धूल, मिट्टी व क्रशर पर काम करने वाले मजदूरों को सिलिकोसिस बीमारी हो जाए तो उसका उपचार का खर्च श्रम विभाग द्वारा उठाया जाएगा। श्रम मंत्री ने अपने विभाग की दो दर्जन से अधिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी और कहा कि दादरी में भी जल्दी ही श्रमिक जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर कार्यकर्ताओं को सोनीपत रैली के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशन शर्मा, सोमबीर सांगवान, नगर परिषद चेयरमैन संजय छपारिया, मार्केट कमेटी चेयरमैन चंद्रपाल सांगवान, डॉ. बलवान सांगवान, ओमप्रकाश मान, सतेंद्र परमार, डॉ. किरण कलकल, मीडिया प्रभारी सतीश महराणा, रोशन लाल, डॉ. संजीव मड़िया, सतबीर दूधवा, रामनिवास पिचौपा आदि उपस्थित रहे।