रोहतक में जाटों को आरक्षण देने पर भले ही कैबिनेट की बैठक में चर्चा न हुई हो, लेकिन कृषिमंत्री का दावा है कि विधानसभा के अगले सत्र में आरक्षण विधेयक जरूर पास होगा। इसमें कोई अड़चन नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि साजिश के तहत उपद्रव कराया गया और इससे हरियाणा की छवि खराब हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर साजिश रचने का आरोप भी जड़ा।
जिला विकास भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि सरकार ने जाटों से आरक्षण देने का वादा किया है। इसमें कोई रुकावट नहीं है और विधानसभा के आगामी सत्र में विधेयक पास करके सरकार अपना वादा पूरा करेगी।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बहुत अच्छा काम कर रही थी और हरियाणा की चर्चा केवल देश में नहीं, बल्कि विदेशों तक हो रही थी। सरकार की इन कामयाबी को कांग्रेस पचा नहीं सकी और उसने प्रदेश में उपद्रव कराने की साजिश रच डाली।
इस समय उपद्रव के कारण हरियाणा की छवि काफी खराब हो चुकी है और यहां विदेशी कंपनियां निवेश नहीं करना चाहती हैं। पहले जितना निवेश यहां हो सकता था, अब उतना निवेश नहीं होगा। इसका नुकसान हरियाणा के किसी एक आदमी को नहीं होगा, बल्कि सभी को होगा।