हिसार। धोबी घाट के पास बाइक सवार दो युवकों ने एक पुलिस कर्मी को धक्का देकर घायल कर दिया। हालांकि पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। शहर थाना पुलिस ने इस संबंध सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सिपाही विजय कुमार ने बताया कि ऋषिनगर मेें धोबी घाट पर नाकाबंदी की हुई थी। तभी एक बाइक पर दो युवक बिना हेलमेट लगाए हुए आए। इस दौरान उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक रोक ली। युवक शराब के नशे में धुत थे। उनसे कागजात मांगे तो आरोपियों ने कहा कि तुम कौन होते हो। इसके बाद युवक टेम्परेरी नंबर की बाइक को चलाने लगे तो उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान उनके तीन साथी आए और अभद्रता की। एक युवक ने उसे धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके पैर व पेट में चोट आई। बाद में पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सरसौद निवासी जुगविन्द्र उर्फ बिंदर और प्रदीप उर्फ गोलू बताया। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।