हरियाणा के हिसार के बास क्षेत्र के गांव सोरखी में मंगलवार अलसुबह सैर करने जा रहे युवक को सांड़ ने उठाकर सड़क पर पटक दिया। इस दौरान वहां से गुजरी रही कार के नीचे आने से युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय विनोद अलसुबह 4 बजे टहलने निकला था। हाईवे पर सीएचसी सोरखी के पास पहुंचा तो सड़क पर दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। वहां से गुजरे विनोद को एक सांड़ ने उठाकर सड़क पर पटक दिया।
इसी दौरान मुंढाल की तरफ से आई कार विनोद को कुचलते हुए निकली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे परिजन उसे हांसी के सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे। लोगों का कहना था कि बेसहारा पशुओं पर नियंत्रण नहीं हो पाने की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।