हिसार। शहर की नई अनाज मंडी में रविवार को इनसो के 21वें स्थापना दिवस पर आयोजित छात्र हुंकार रैली में जमकर हंगामा हुआ। रैली में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी और इनसो के संस्थापक डॉ. अजय चौटाला, जजपा के प्रदेश महासचिव दिग्विजय चौटाला के भाषण के दौरान संगठन को मजबूती देने वाले युवाओं ने ही हूटिंग की। हरियाणवी कलाकार प्रांचल दहिया को बार-बार स्टेज पर बुलाने के लिए युवाओं ने रैली में पानी की बोतलें तक फेंकीं। दिग्विजय चौटाला को अपने भाषण के दौरान ये तक बोलना पड़ा कि मैं आपकी भावनाओं को जानता हूं, थोड़ा इंतजार करो, लेकिन युवा हूटिंग करते रहे। वहीं भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस कर्मचारी लाठी लेकर दौड़े। हालांकि यो यो हनी सिंह और एमडी की प्रस्तुति के दौरान युवा झूमते नजर आए।
कलाकार का डांस देखने के लिए भीड़ हुई बेकाबू
इनसो की छात्र हुंकार रैली में हरियाणवी और पंजाबी कलाकारों को निमंत्रण दिया था। रैली से कई दिन पहले ही शहर में कलाकारों के बैनर लगे थे, जिसमें यो यो हनी सिंह, एमडी, प्रांजल दहिया, गोल्डी गिल, एमसी स्क्वेयर, अल्फाज, गिरिक अमन और फजिल्पुरिया के नाम शामिल थे। रविवार सुबह हजारों की संख्या में युवा नेताओं के भाषण सुनने और कलाकारों को देखने के लिए पहुंच गए। रैली के आरंभ में एमडी, फिजिल्पुरिया और गिरिक अमन स्टेज पर पहुंचे। तीनों गायकों ने इनसो संगठन पर बने गाने को गाया। गर्मी और उमस के बीच हरियाणवी कलाकार प्रांचल दहिया के देखने आए युवाओं के सब्र का बांध टूटने लगा और हूटिंग शुरू हो गई। रैली के पंडाल में लगे पोल पर युवा चढ़ गए और एक-दूसरे पर बोतलें फेंकने लगे। वक्ताओं द्वारा बार-बार युवाओं से शांत रहने की अपील की गई। संवाद
डीएसपी और युवाओं के बीच तीखी बहस
छात्र हुंकार रैली के दौरान बेकाबू हुई भीड़ को नियंत्रण करने के लिए इनसो के वॉलंटियर और पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस को लाठी लेकर युवाओं के पीछे दौड़ना पड़ा। वहीं डीएसपी कप्तान सिंह और युवाओं के बीच तीखी बहस तक हो गई। पुलिस कर्मचारी बार-बार युवाओं को कंट्रोल करने में लगे रहे।
प्रांचल दहिया ने हिसार वालों का हाल पूछा और बिना प्रस्तुति दिए लौट गईं
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के भाषण के बाद पंजाबी गायक यो यो हनी सिंह और हरियाणवी कलाकार प्रांचल दहिया स्टेज पर आए। यो यो हनी सिंह आज ब्लू है पानी पानी और एमडी के देशी देशी न बोल्या कर छौरी गानों पर युवा झूमे। फिजिल्पुरिया के लल्ला लल्ला लोरी हरियाणा में गोली चाल रही पर युवा नाचे। वहीं बेकाबू भीड़ को शांत करने के लिए इनसो के संस्थापक डॉ. अजय चौटाला के भाषण से पहले कलाकार प्रांचल दहिया ने माइक पर पूछा कि कैसे हो हिसार वालों, एक स्पीच के बाद दोबारा स्टेज पर आऊंगी। इसके बाद वे बिना प्रस्तुति के लौट गईं।
हर जगह लगाए गए थे बेरिकेड्स
नई अनाज मंडी के बीच में इनसो की छात्र हुंकार रैली थी। रैली स्थल तक जाने के लिए जगह-जगह बेरिकेड्स लगाए हुए थे। एक गेट से ही रैली में जाने वाले लोगों की एंट्री थी। बाकी गेटों से वीआईपी की एंट्री थी। जब युवा वीआईपी एंट्री से अंदर जा रहे थे तो पुलिस वालों ने उनको हटाया। उनकी बहस भी हुई। एक पुलिसकर्मी लाठी लेकर भी दौड़ा।