हरियाणा के हिसार के हांसी से मुंढाल हाईवे पर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक जलती कार में ही जिंदा जल गया। चलती कार में अचानक आग लग गई। युवक ने जान बचाने के लिए जब तक गाड़ी साइड में लगाई तब तक आग ज्यादा भड़क गई। आग की लपटें काफी उंचाई तक जा रही थी।
आसपास खड़े लोग चाह कर भी उसको गाड़ी से बाहर नहीं निकाल पाए। मंगलवार दोपहर बाद मुंढाल क्षेत्र में चलती गाड़ी में आग लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान हांसी के जगदीश कॉलोनी निवासी मोहित सचदेवा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय वह गाड़ी में अकेला था। गाड़ी में अचानक से धमाका हुआ। धमाका होने के साथ ही गाड़ी की छत भी उड़ गई और एकदम से गाड़ी में आग लग गई। उसने अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी के हॉर्न भी बजाए, परंतु हाईवे पर जलती गाड़ी के पास जाने की जहमत कोई नहीं उठा सका।
फायर ब्रिगेड ने आकर बुझाई आग
आग लगने पर आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड वहां पहुंची, तब तक आग से गाड़ी जलकर राख हो गई। गाड़ी में उस समय मोहित सचदेवा अकेला थे। आग लगने से उसकी भी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि चलती गाड़ी में अचानक से ही तेज धमाका हुआ।
धमाके के बाद से उनका ध्यान गाड़ी की तरफ गया। देखा कि गाड़ी में आग लग रही है। व्यक्ति को कार से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग ज्यादा होने के कारण कुछ नहीं कर पाए। युवक की दो महीने पहले ही शादी हुई थी।