हिसार। डीएन कॉलेज में चचेरी बहन के साथ एमबीए की परीक्षा देने आए युवक को कॉलेज प्रशासन ने प्राचार्य कार्यालय में ले जाकर पीटा। उसे दो घंटे तक कमरे के अंदर रखा। जिस कारण वह परीक्षा भी नहीं दे पाया। पिटाई के कारण आंख पर चोट लगी। घायल युवक ने शहर के एक निजी अस्पताल में आंखों की जांच करवाई। शनिवार को युवक नागरिक अस्पताल में एमएलआर कटवाने के लिए पहुंचा।
बहन के साथ पार्किंग में खड़ा था
हांसी निवासी अभिषेक ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। दूरस्थ से एमबीए कर रहा हूं। चचेरी बहन भी दूरस्थ से एमबीए कर रही है। दोनों का शुक्रवार को 2 से 5 बजे तक डीएन कॉलेज में पेपर था। दोनों परीक्षा देने के लिए कॉलेज पहुंचे और वाहन कॉलेज की पार्किंग में खड़ा कर दिया। दोनों आपस मे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कॉलेज के प्रोफेसर और कर्मचारी वहां पर पहुंचे और मुझे पकड़ कर प्राचार्य कार्यालय में ले गए। वहां पर बिना कुछ बताए पिटाई करनी शुरू कर दी। मुझे दो घंटे तक कार्यालय के अंदर रखा और पिटाई करते रहे। अभिषेक का आरोप है कि पिटाई के कारण एक आंख से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। मुझे मेडिकल के लिए भी नहीं जाने दिया। उसका कहना है कि बहन को कुछ देर बाद परीक्षा में बैठा दिया था, लेकिन मुझे परीक्षा नहीं देने दी। उसने बताया कॉलेज से निकलने के बाद निजी अस्पताल में आंख का चेकअप करवाया। चिकित्सक ने कहा कि 30 प्रतिशत आंख की रोशनी जाने का खतरा है। शनिवार को नागरिक अस्पताल में एमएलआर कटवाने के लिए आया।