हिसार। अगले तीन माह में हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से 8वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य विषय योग का पाठ्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, संबंधित विषय के परीक्षा पैटर्न को भी अंतिम रूप देकर लागू कर दिया जाएगा। हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने वीरवार को विशेष बातचीत में यह जानकारी दी।
डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि पाठ्यक्रम के संबंध में 3 जुलाई को भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में बैठक होने जा रही है, जिसमें हरियाणा योग आयोग, शिक्षा बोर्ड व गुरुग्राम की एससीईआरटी के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस बैठक में योग विषय के पाठ्यक्रम से लेकर इससे जुड़ीं तमाम गतिविधियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। केबिनेट मंत्रालय से मुहर लगते ही योग विषय का पाठ्यक्रम कक्षानुसार जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहली से 5वीं कक्षा के विद्यार्थियों को खेल-खेल में योग विषय की जानकारी दी जाएगी, साथ ही कुछ गतिविधियों में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। पहली से 5वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए कोई पुस्तक जारी नहीं की जाएगी। कक्षा 6 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए योग विषय की पुस्तकें जारी की जा रही है। अधिकतर सरकारी स्कूलों में संबंधित विषय की पुस्तकें पहुंच भी चुकी है। 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए योग विषय अनिवार्य किए जाने पर अभी संशय बना हुआ है। दरअसल शिक्षा बोर्ड ने इस पर आपत्ति जताई है कि इन कक्षाओं में विद्यार्थियों पर पढ़ाई का दबाव अधिक होता है।
सेना से लेकर पुलिस व चिकित्सकों के लिए बनेगा योग प्रोटोकॉल
आर्य ने बताया कि हरियाणा सरकार ने योग को पाठ्यक्रम तक सीमित न कर इसे चंडीगढ़ पीजीआई, रोहतक पीजीआई, दिल्ली स्थित एम्स, पुलिस, आईटीबीपी, सेना व सीआपीएफ के जवानों के लिए भी अनिवार्य कर दिया है। हरियाणा योग आयोग की तरफ से सुरक्षा एजेंसियों के मुख्यालय को भी पत्र जारी कर योग समय-सारिणी का पालन करने को कहा है। सरकार ने विशेष शिविर लगाकर योग के मास्टर ट्रेनर बनाने की कवायद भी शुरू कर दी है।
सीबीएसई ने ऐच्छिक विषय के रूप में लागू किया योग
शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए सीबीएसई ने योग को ऐच्छिक विषय के रूप में अपनाने का फैसला लिया है। इसके लिए योग विशेषज्ञ का प्रबंध करना स्कूलों के लिए अनिवार्य कर दिया है।
हर नागरिक अस्पताल में तैनात होंगे दो आयुष योग सहायक
आर्य ने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस साल प्रदेश के सभी नागरिक अस्पतालों में दो आयुष योग सहायक तैनात करने का फैसला लिया है। इनकी जिम्मेदारी रहेगी कि ये सामान्य ओपीडी में आने वाले मरीजों को योग के प्रति जागरूक करने के साथ ही तमीरदारों को भी योग के लिए प्रेरित करेंगे। इसकी ओपीडी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग व हरियाणा योग आयोग में भेजी जाएगी। सीएचसी-पीएचसी स्तर पर भी 350 आयुष योग सहायक तैनात किए जाएंगे। ये नियुक्तियां एनएचएम के तहत की जाएंगी।
हर सरकारी स्कूल में 5 मिनट योग अनिवार्य
आर्य के मुताबिक सरकार ने शिक्षा विभाग को आदेश जारी कर दिए हैं कि जैसे ही ग्रीष्मकालीन छुट्टियां खत्म होगी हर सरकारी स्कूल में प्रार्थना स्थल पर रोजाना 5 मिनट योग करवाना जरूरी होगा। एक से दो मिनट तक सूर्य नमस्कार व प्राणायाम सहित कुछ विशेष आसन करवाने होंगे।
सितंबर तक योग विषय का पाठ्यक्रम लागू कर दिया जाएगा। पहली से 5वीं कक्षा के विद्यार्थियों को खेल-खेल में योग सिखाया जाएगा, इन विद्यार्थियों के लिए किताबें जारी नहीं की जाएगी। कक्षा 6 से 8वीं के विद्यार्थियों के लिए किताबें जारी की जा रही है।
- डॉ. जयदीप आर्य, चेयरमैन, हरियाणा योग आयोग, पंचकूला।