फतेहाबाद के गांव लांबा में टूटे रिंग बांध का कार्य करते मनरेगा मजदूर।
रतिया। गांव लांबा में एसडीएम के निर्देशों के बाद मनरेगा की ओर से रिंग बांध दोबारा बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। भारतीय किसान यूनियन खेती बचाओ की ओर से दोबारा निर्माण नहीं करवाए जाने की शिकायत एसडीएम जगदीश चंद्र से की गई थी। शनिवार को पंचायत विभाग की ओर से मनरेगा के माध्यम से रिंग बांध को दोबारा बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
बांध निर्माण का कार्य शुरू करने पर भारतीय किसान यूनियन खेती बचाओ के ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह, गुरसेवक सिंह, कर्मवीर सिंह, हरविंदर सिंह, सुखराज सिंह, प्रगट सिंह, परमजीत सिंह आदि मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष जब बाढ़ आई थी तो उस समय गांव लांबा में घग्गर नदी का रिंग बांध टूट गया था। इससे कई गांवों में पानी फैल गया। एक साल बीत जाने के बाद भी रिंग बांध की मरम्मत नहीं की गई। इससे किसानों को फसल और परिवार की चिंता सताने लगी थी। इसे लेकर भारतीय किसान यूनियन खेती बचाओ ने एसडीएम जगदीश चंद्र को तीन दिन पूर्व बांध निर्माण का कार्य शुरू करने के लिए मांगपत्र दिया था। शनिवार को पंचायत विभाग की ओर से कार्य शुरू करवा दिया गया।